काम के लिए पैशन खत्म होने लगा है। कई प्रयास करने के बाद भी उत्साह नजर नहीं आता। फोकस करने की क्षमता कम हो रही है। यह समस्या अधिकांश महिलाओं की है।
जब महिलाएं मेरे पास आती हैं और इस तरह की शिकायतें करती हैं तो मैं उनसे अक्सर ऐसे सवाल पूछती हूं। क्या आप थकी हुई उठती हैं? इतनी थकी कि दिन शुरू होने से पहले ही आपको थकान हो जाती है? क्या आपको लगता है कि जीवन में कोई खुशी या प्रेरणा बाकी नहीं रही है? अगर इनमें से किसी भी एक सवाल का जवाब आपने हां में दिया है तो मानकर चलिए कि आप बर्नआउट के शिकार हो सकते हैं।
बर्नआउट आखिर क्या है?
लंबे समय तक हम पर तनाव के प्रभाव से होने वाले शारीरिक, मानसिक बदलाव के बाद की अवस्था को बिहेवियरल साइंटिस्ट बर्नआउट कहते हैं। बर्नआउट स्ट्रेस से अलग है। स्ट्रेस सामान्य है। हम सबको होता है। जब स्ट्रेस का ओवरलोड हमारे काम, रिश्ते और सेहत को प्रभावित करने लगे तो इसे बर्नआउट कहते हैं। इसे दूर किया जा सकता है, इन चार सफल तरीकों की मदद से।
पॉज बटन दबाएं
बर्नआउट को डील करने का पहला तरीका है यह जानना कि आप इस समस्या से ग्रस्त हैं। यानी अब आप अपनी प्राथमिकताओं को फिर से चुनेंगे। रुककर सोचेंगे कि करना क्या है। अब निजी और प्रोफेशनल सीमाओं को बनाएंगे। मानेंगे कि आप हर किसी की खुशी के लिए जिम्मेदार या जवाबदेह नहीं हैं।
सपोर्ट सिस्टम
जिस तरह मेडिकल इमरजेंसी में मरीज को आईसीयू में रखा जाता है ठीक उसी तरह बर्नआउट के वक्त भी हमें लोगों के सहयोग की जरूरत होती है। यह सहयोग परिवार के किसी विश्वसनीय व्यक्ति या किसी प्रोफेशनल थैरेपिस्ट का हो सकता है। जो आपको हिम्मत देगा और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को कम करने में भी मदद करेगा।
क्रिएटमी टाइम
अपने लिए समय निकालना हम जरूरी नहीं समझते हैं। हम सोचते भी हैं तो करते नहीं। एक बार हर छह महीने में एक हफ्ते की छुट्टियां जरूर मनाएं। हफ्ते में तीन बार अपने लिए थोड़ा समय निकालें।
तीन हैं कारगर
एक्सरसाइज़,ईटिंग और एनर्जी का फॉर्मूला सफल है और बेहद आसान भी। अगर आप व्यायाम करेंगे, सही खाएंगे तो आपको ऊर्जा मिलेगी, जिससे बर्नआउट कम होगा।
हममें से कई लोगों को रनिंग और स्वीमिंग पसंद नहीं होती। तो जानिए कौन सी चीज है जिसे करने से आपको अच्छा लगता है। अच्छी आदतें डालिए और अपने आपको बदलिए। एनर्जी आता है किसी पसंदीदा हॉबी से। जैसे आर्ट शो, थियेटर या डांस। जब आप बर्नआउट से उबरने लगेंगे धीमी पड़ गई जिंदगी 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।